शामली। मां सावित्री हॉस्पिटल एवं रोटरी क्लब शामली मिड-टाउन द्वारा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर परिवार नियोजन संबंधी जानकारी दी गई। इस अवसर पर सीएमओ संजय भटनागर ने हॉस्पिटल की तरफ से गांवों में जागरूकता के लिए उपलब्ध कराई गई मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शनिवार को मां सावित्री हॉस्पिटल पर आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ संजय भटनागर ने कहा कि जागरूकता से ही जनसंख्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के लिए इस बार कोविड-19 महामारी को देखते हुए जनजागरण के लिए आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी थीम दी गई है। इस पखवाड़े में नसबंदी के इच्छुक लाभार्थियों के निशुल्क रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। रोटरी क्लब शामली मिड-टाउन के प्रेसीडेंट एवं मां सावित्री हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सक डॉ. रीतिनाथ शुक्ला ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण से देश के विकास में और अधिक तेजी आएगी। कार्यक्रम की प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. नीलम शुक्ला ने महिलाओं को परिवार नियोजन के उपाय बताए। इस दौरान परिवार नियोजन सामग्री का निशुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर अजय बाबू शर्मा, संदीप विश्वकर्मा, डॉ. गौरव अग्रवाल, निक्की, पूजा, डॉ. शिवानी, नाजरीन, रूमा और संदीप आदि मौजूद रहे।