शामली। जिले की यदि बात की जाए तो यहां के कैराना कस्बे के लोग सबसे अधिक बिजली चोरी कर रहे हैं। विद्युत चोरी निरोधक थाने के अधिकारियों ने आलाधिकारियों को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी है। जिसमें कैराना में जनवरी से लेकर जून माह तक सबसे अधिक 322, झिंझाना के 201 लोगों के खिलाफ मुकदमेंं दर्ज किए गए। वहीं सबसे कम बाबरी के 43 और शामली के आदर्श मंडी के सिर्फ 50 लोगों के खिलाफ ही मामले दर्ज किए गए हैं। जनवरी से लेकर जून माह तक जिले में कुल 1059 मामले बिजली चोरी के दर्ज किए गए हैं। वहीं बिजली चोरी के लिए अब कुछ लोग अलग-अगल तरीके भी अपना रहे हैं। स्ट्रीट लाइटों से लेकर हैंडपंप में सबमर्सीबल डालकर बिजली चोरी की जा रही है। इस तरह के मामलों की बानगी
केस-1
ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने कैराना में छापामारी की। जहां पर 22 लोगों ने सरकारी स्ट्रीट लाइट में कटिया डालकर बिजली चोरी की गई थी। सभी के कनेक्शन काटे गए । साथ ही मुकदमा दर्ज कराया गया।
केस-2
शामली के फव्वारा चौक के पास रहने वाले सौरभ ने बिजली लाइन पर कटिया डालकर बिजली चोरी की हुई थी । इसके अलावा हैंडपंप में सबमर्सिबल डालकर उसे बिजली चोरी से चलाया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया।
केस-3
कैराना निवासी अहसान और मुस्तकीम को कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा जबकि कोई कनेक्शन भी नहीं लिया हुआ था।
तैयार रिपोर्ट में कैराना और झिंझाना में सबसे अधिक बिजली चोरी की बात सामने आई हैं। बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। अन्य पर भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रमोद कुमार, थाना प्रभारी, विद्युत चोरी निरोधक थाना शामली
कुछ ऐसे भी लोग पकड़े जा रहे हैं, जो दो से तीन बार बिजली चोरी में पकड़े जा चुके हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। सबसे अधिक बिजली चोरी कैराना, झिंझाना में हो रही है जबकि बाबरी में सबसे कम बिजली चोरी हो रही है। बिजली चोरों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
नरेश कुमार, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम शामली
जनवरी से लेकर जून माह तक बिजली चोरी का आंकड़ा
स्थान का नाम बिजली चोरी के दर्ज मामलों की संख्या
कोतवाली शामली 147
आदर्श मंडी 50
थानाभवन 132
बाबरी 43
झिंझाना 201
गढ़ीपुख्ता 58
कैराना 322
कांधला 106
कुल 1059
नोट: आंकड़ा विद्युत चोरी निरोधक थाना से लिया गया है।