धूल का उड़ता गुबार बना रहा लोगों को बीमार
शामली। पूरा जिला प्रदूषण से जूझ रहा है, लेकिन इससे बचाव के जो तरीके अपनाए जाने चाहिए उन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दमघोंटू प्रदूषण के बीच सड़कों पर जहां-तहां रेत-बजरी के ढेर लगे हुए हैं। खस्ताहाल और निर्माणाधीन सड़कों पर वाहन धूल का गुबार उड़ाते दौड़ रहे हैं। निर्माण कार्य भी ढककर नहीं किए जा रहे। जिले में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 से ऊपर चल रहा है। शाम होते ही स्मॉग छा जाता है तथा अगले दिन दोपहर तक इसका असर बना रहता है।
सांस लेना हुआ दूभर
जिले में पानीपत-खटीमा हाईवे के चौड़ीकरण के लिए काम शुरू हो चुका है। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर भी निर्माण चल रहा है। शहर से सहारनपुर रोड, कैराना रोड, मुजफ्फरनगर रोड के अलावा मेरठ-करनाल हाईवे के किनारे धूल के अंबार लगे हुए हैं। कोई भी वाहन गुजरते हैं तो धूल का गुबार उड़ता है। यह धूल, नमी और धुएं के साथ मिलकर स्मॉग बना रही है, जिससे लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है।
सड़क किनारे रेत-बजरी के अंबार
सड़कों के किनारे जहां-तहां रेत-बजरी के ढेर लगे हुए हैं। विक्रेता सड़कों के किनारे रेत डालकर बिक्री करते हैं। वाहनों की आवाजाही तथा बिक्री के बाद वाहनों में भरते समय रेत हवा के साथ उड़ता है तथा प्रदूषण पैदा करता है। सड़कों के किनारे रेत-बजरी की बिक्री पर प्रतिबंध है। न तो इस तरह की बिक्री पर रोक लगी है और न ही पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
बिना ढके हो रहे निर्माण कार्य
नियम है कि कोई भी निर्माण कार्य ढककर किया जाएगा, ताकि निर्माण से उड़ने वाली धूल आसपास में न फैले, लेकिन इसका कहीं पर पालन नहीं हो रहा है। कैराना रोड, झिंझाना, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर रोड समेत शहर के अंदर भी जगह-जगह निर्माण कार्य चल रहे हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बिना ढके ही निर्माण चल रहा है। मौके पर पड़ी रेत-बजरी आदि पर भी पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है।
इन्होंने कहा.
- कोई भी निर्माण कार्य ढककर किया जाना चाहिए। इसके लिए चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यदि बिना ढके निर्माण हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।
- हितेश गुप्ता, जेई, एमडीए।
-------------
पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाएं होती हैं। इसके साथ ही वाहनों एवं निर्माण कार्यों से प्रदूषण होता है। प्रदूषण की रोकथाम के लिए सभी विभागों को पत्र जारी किया गया है। मेरठ-करनाल हाईवे पर एंटी स्मॉग गन लगाई गई है।
- अंकित सिंह, आरओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुजफ्फरनगर।
शामली मुजफ्फरनगर मार्ग पर सड़क के किनारे पड़ा रेत का ढेर।- फोटो : SHAMLI