कैराना। अनलॉक-1 में रोडवेज की बस सेवा शुरू तो हो गई, लेकिन कोरोना संक्रमण की आशंका के चलते बसों में बहुत ही कम लोग सफर कर रहे हैं।
देश में फैले कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते 2 माह तक चले लॉकडाउन के बाद जून माह से शुरू हुए अनलॉक-1 के साथ ही कैराना रोडवेज बस स्टैंड से बसों का संचालन भी शुरू हो गया था। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने को लोग बसों में कम सफर कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बस स्टैंड पर पहुंची रोडवेज बसों में बैठने वाले यात्रियों की संख्या बहुत कम रही। बसों के संचालन से पूर्व बसों को सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा बसों में सफर करने वाले यात्रियों के हाथ भी सैनिटाइज से साफ कराए जा रहे हैं।
--
भारी वाहन गुजरने के कारण लगा जाम
कैराना। बाईपास पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती न होने के कारण अन्य राज्यों व जनपदों से आने वाले बड़े ट्रक, पराली की ट्राली व अन्य भारी वाहन नगर के अंदर से गुजरते हैं। जिस कारण बृहस्पतिवार को कोतवाली के सामने लंबा जाम लग गया। वही भीषण गर्मी के बीच जाम की समस्या से नगरवासी परेशान है। बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे कस्बे के अंदर से गुजरने वाले पानीपत खटीमा मार्ग पर करीब 15 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। नगर वासियों ने प्रशासन से भारी वाहनों को बाईपास से गुजारने की मांग की है।