दौराला - राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुष्का को श्रद्धांजलि देते पूर्व सांसद कादिर राणा। स्रोत : स्वयं
नाला निर्माण का काम बीच में रोकने से जलनिकासी न होने से बनी परेशानी
नगर निगम ने बीच में आ रहे पेड़ को बताया काम रोकने की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। डौरली रेलवे स्टेशन के निकट निर्माणाधीन नाले का कार्य बीच में ही रोक दिए जाने से जलनिकासी की समस्या बन गई है। इससे जलभराव होने से ग्रामीण परेशान हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने पेड़ों के बीच में आने की समस्या के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की बात कही।
रुड़की रोड निवासी अमन, सुनील, राधे, अनिल आदि ने बताया कि नाले का केवल एक हिस्सा ही बनाया गया है, जबकि शेष भाग अधूरा है। बरसात या नाले में पानी आने पर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इसका असर डौरली गांव के साथ-साथ रुड़की सड़क के आसपास रहने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि अधूरे नाले के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहता है। बताया कि कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि जल्द नाले का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो जलभराव और गंदगी की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। नगर निगम के अवर अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि लगभग दो करोड़ की लागत से 12 सौ मीटर नाले का निर्माण होना है, जो छठी वाहिनी पीएसी के पास बड़े नाले में जाकर मिलेगा। बताया कि नाला निर्माण के दौरान आगे लगभग 20 से 25 पेड़ आ रहे हैं जो खुदाई के दौरान गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है। मार्च में वन विभाग से पत्राचार किया था और हाल ही में फिर से पत्र भेजा गया है। वन विभाग पेड़ कटवा दे तो जल्द नाले का निर्माण पूरा हो जाएगा।