शामली/कैराना/ऊन/जलालाबाद/कांधला। कड़ाके की ठंड में राहगीरों और मुसाफिरों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरे तो बना दिए लेकिन उन तक लोग नहीं पहुंच पा रहे हैं। शुक्रवार रात रिपोर्टिंग टीम ने पड़ताल की तो कई स्थानों पर लोग रात में ठिठुरते मिले।
शहर में नगरपालिका परिषद कार्यालय में दस बैड का पुरुष और छह बैड का महिलाओं के लिए रैन बसेरा बनाया गया है। रैन बसेरे में मौजूद पालिका कर्मचारी मंजूर हसन ने बताया रात नौ बजे तक रैन बसेरे में कोई नहीं आया। उधर शहर मिल रोड पर कई लोग सर्दी में ठिठुरते हुए मिले। पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल ने बताया कि रैन बेसेरे में लोगों के ठहरने की पूरी व्यवस्था है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर प्रचार के लिए फलैक्स भी लगाए गए हैं।
कैराना के मोहल्ला छड़ियान टंकी नंबर दो परिसर में नगरपालिका का रैन बसेरा है। शुक्रवार रात नौ बजे रैन बसेरे पर कर्मचारी संजय ने बताया कि अभी तक कोई राहगीर नहीं आया है।
ऊन में रात 10 बजकर 12 मिनट पर रैन बसेरे पर कर्मचारी तैनात मिले लेकिन कोई राहगीर या अन्य व्यक्ति रुका नहीं मिला। बस स्टैंड के परिसर में स्थित रैन बसेरा में पांच बैड है। महिला व पुरुष के लिए अलग अलग कक्ष बने हुए हैं। रैन बसेरा पर तैनात विजन्त ने बताया कि रैन बसेरा में राहगीरों असहाय के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है। अभी कोई राहगीर नहीं आया।
जलालाबाद में नगर पंचायत परिसर में बनाए गए 10 बैड का रैन बसेरा बनाया गया है। रैन बसेरा इंचार्ज सलीम अहमद ने बताया दो दिन पूर्व जनपद सहारनपुर के दो युवक रुके थे। इसके बाद कोई राहगीर नहीं आया।
कांधला नगरपालिका में पुरुषों के लिए नौ बेड और महिलाओं के लिए चार बेड का रैन बसेरा बनाया गया है। रैन बसेरा इंचार्ज नदीम ने बताया कि बीते चार दिन से लगातार विनय कुमार निवासी उत्तम नगर दिल्ली रैन बसेरे में आकर रुक रहा है।
डीएम ने रैन बसेरे का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
शामली। डीएम ने शुक्रवार देर रात नगरपालिका शामली के रैन बसेरे का औचक निरीक्षण कर वहां पर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रैन बसेरा में आने वाले व्यक्तियों को सर्दी से बचाव हेतु रजाई कंबल आदि की व्यवस्था मुहैया कराई जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति खुले आसमान में तो रात नहीं काट रहा है। सार्वजनिक स्थलों एवं चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो। इसमें किसी भी प्रकार के लापरवाही ना हो। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन पर अलाव की व्यवस्था देखते हुए कंबल का वितरण भी किया। इस दौरान एडीएम सत्येन्द्र सिंह, एसडीएम सदर अर्चना शर्मा, तहसीलदार सदर मनोज कुमार, नायब तहसीलदार गौरव कुमार आदि मौजूद रहें।
शामली नगर पालिका में खाली पड़ा रैन बसेरा । संवाद
शामली नगर पालिका में खाली पड़ा रैन बसेरा । संवाद