कैराना के ऊंचा गांव पीएचसी पर आरोग्य मेले में मरीजों का उपचार करते चिकित्सक। संवाद
शामली/कैराना। जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। आरोग्य मेलों में बुखार व एलर्जी के मरीज ज्यादा रहे। आरोग्य मेलों में गर्भवती महिलाओं की जांच कर परामर्श व उपचार दिया गया।
रविवार को जिले की सभी 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीज उपचार कराने पहुंचे। शहर के मोहल्ला बरखंडी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 24 मरीज पहुंचे। डॉ. दीपाशु चौधरी ने मरीजों की जांच की। फार्मासिस्ट ने बताया कि आरोग्य मेले में 15 गर्भवती महिलाओं की जांच कर दवा दी गई। इनके अलावा बुखार, एलर्जी, खांसी व अन्य बीमारी के चार मरीज आए।
मोहल्ला पंसारियान स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सादिया सदफ ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया। फार्मासिस्ट विकास कौशिक ने बताया कि आरोग्य मेले में 52 मरीज आए। इनमें 22 गर्भवती महिलाओं की जांच कर दवाई दी गई। कैराना कस्बे में स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर एक बजे डॉक्टर विपिन कुमार मरीज की जांच करते हुए मिले। उन्होंने बताया कि 12 मरीज उपचार के लिए आए थे। मरीज आयुष ने बताया कि उन्हें बुखार और खांसी है। चिकित्सक ने उन्हें वायरल बताया और तीन दिन की दवा मिल गई है।
उधर, ऊंचा गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. गुंजन मरीज की जांच कर रही थी। डॉ. गुंजन ने बताया कि अधिकांश मरीज बुखार और खांसी के आए हैं।
सीएमओ डाॅ. तृप्ति कुमार सक्सेना ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले आयोजित हुए हैं। आरोग्य मेलों में चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर दवा उपलब्ध कराई है।