शामली। जिला अस्पताल में जल्द ही मरीजों को फिर से लिफ्ट की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। स्वास्थ्य विभाग ने लिफ्ट की मरम्मत और एक साल के मेंटीनेंस के लिए पांच लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद लिफ्ट की मरम्मत का काम शुरू होगा।
जिला अस्पताल 16 अगस्त 2021 को चालू हुआ था। अस्पताल में दो लिफ्ट लगाई गई है, लेकिन आज तक वे चालू न होने से मरीजों को लाभ नहीं मिल सका। अस्पताल में प्रथम तल पर महिला वार्ड, जनरल वार्ड आईसीयू और डायलिसिस यूनिट है। इस कारण मरीजों को प्रथम तल पर जाने के लिए सीढ़ी या व्हील चेयर रैंप के रास्ते से जाना पड़ रहा है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि लिफ्ट चालू कराने की प्रक्रिया चल रही है। संबंधित कंपनी से बात की गई है। कंपनी के लोगों ने लिफ्ट का निरीक्षण कर लिया गया है। उन्होंने मरम्मत और एक साल की मेंटीनेंस के लिए पांच लाख रुपये का खर्च बताया है। इसके बजट का प्रस्ताव बनाकर निदेशालय लखनऊ को भेज दिय गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद लिफ्ट की मरम्मत का कार्य शुरू होगा। जल्द ही मरीजों को लिफ्ट की सुविधा शुरू होने की उम्मीद है।