शामली। जिला अस्पताल में पैथोलॉजी लैब में तीन दिन से जांच बंद होने से मरीज परेशान रहे। जांच रिपोर्ट लेने के लिए मरीज अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं। लैब की बायोकेमिस्ट्री ऑटो एनलाइजर मशीन खराब होने से यह समस्या बनी है।
जिला अस्पताल में रोजाना ओपीडी में एक हजार के आसपास मरीज आ रहे हैं। अधिकतर मरीज बुखार, नजला, खांसी आदि वायरल संक्रमण के होते हैं। इसके अलावा सांस, दिल की बीमारी, गुर्दे और लिवर आदि समस्या के मरीज भी आ रहे हैं। सबसे अधिक रक्त की जांच हो रही है, लेकिन तीन दिन से बायोकेमिस्ट्री ऑटो एनलाइजर मशीन खराब होने से मरीज परेशान हैं। मरीजों को जांच रिपोर्ट न मिलने से उनका सही तरीके से इलाज शुरू नहीं हो पाया है,जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बोले मरीज
रोशन अली ने बताया कि तीन दिन पहले चिकित्सक ने रक्त की जांच कराने के लिए लिखा था। लैब में सैंपल दे दिया था, लेकिन मशीन खराब बताई है, जिस कारण अभी रिपोर्ट नहीं मिली है।
सानिया ने बताया कि 19 जनवरी को चिकित्सक ने सीबीसी, लिवर व किडनी की जांच कराने को लिखा है। दो दिन बाद रिपोर्ट ले जाने को कहा था। अभी भी रिपोर्ट नहीं मिली।
जन्नत ने बताया कि चिकित्सक ने रक्त की जांच कराने के लिए लिखा था। आज तीन दिन हो गए, अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली है। चिकित्सक ने रिपोर्ट आने पर ही दवा लिखने की बात कही है।
आदेशना देवी ने बताया कि बुधवार को चिकित्सक ने सीबीसी, लिवर, किडनी, एसीवी आदि जांच कराने के लिए पर्चे पर लिखा है। लैब में सैंपल दिया हुआ है, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं आई।
ओपीडी में देर से आते हैं चिकित्सक, मरीजों को करना पड़ता इंतजार
जिला अस्पताल में ओपीडी का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक है। ज्यादातर चिकित्सक निर्धारित समय पर नहीं आते। चिकित्सक देर से साढ़े आठ से नौ बजे तक आते हैं। तब तक मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा जब तक चिकित्सक आते हैं तब तक मरीजों की भीड़ लग जाती है, जिस कारण उन्हें कतार में खड़े रहना पड़ता है। मरीज शौकीन, दीपक व आशु ने बताया कि वह साढ़े आठ बजे अस्पताल आए थे, लेकिन चिकित्सक नौ बजे आए।
एक सप्ताह से सी-आर्म चल रही मशीन खराब
जिला अस्पताल में सी-आर्म मशीन पिछले सप्ताह शनिवार को खराब हो गई थी। सी-आर्म मशीन खराब होने से दूरबीन विधि से होने वाले हड्डी के ऑपरेशन बंद चल रहे हैं। ऑपरेशन न होने से मरीजों को मेरठ रेफर किया जा रहा है। मशीन के ठीक होने में अभी दो-तीन का समय और लगेगा। सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा का कहना है कि सी-आर्म मशीन को जल्दी ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोट
पैथोलॉजी लैब में तीन दिन से ऑटो एनलाइजर मशीन खराब होने के कारण मरीजों की जांच नहीं हो पाई थी। बृहस्पतिवार को मशीन ठीक हो गई है। मरीजों की जांच का कार्य शुरू हो गया है। सभी चिकित्सकों को ओपीडी में निर्धारित समय पर आने के लिए निर्देशित किया गया है। - - डॉ. किशोर कुमार आहूजा, सीएमएस जिला अस्पताल।