कैराना के बुच्चाखेड़ी में आयोजित शिक्षा चौपाल में भाग लेते शिक्षक व ग्रामीण।
- फोटो : SHAMLI
बच्चों को अच्छी शिक्षा मुहैया कराएं अभिभावक
शामली, कैराना। प्रेरणा ज्ञानोत्सव अभियान के अंतर्गत आयोजित शिक्षा चौपाल में अभिभावकों से बच्चों को अच्छी शिक्षा मुहैया कराने पर जोर दिया गया।
गांव बुच्चाखेड़ी के प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र बालियान की अध्यक्षता में शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकोें से कहा कि बच्चों की शैक्षिक प्रगति में सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग देकर बच्चों को शिक्षा प्रदान कराएं।
उन्होंने स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का शुभारंभ किया। विकास क्षेत्र कैराना के एआरपी इकबाल अहमद, गजानंद और विनोद कुमार ने मिशन प्रेरणा की जानकारी दी। एसआरजी टीम से प्रवीण कुमार शर्मा और सचिन कुमार ने प्रेरणा ज्ञानोत्सव के विषय में बताया। सर्व समाज सुधार समिति के संरक्षक धर्मपाल ने कहा कि वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग में क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहा है, जिनसे बच्चों की शैक्षिक प्रगति में बहुत बदलाव आएगा। इसके लिए अभिभावक अपना सहयोग अवश्य दें।