शामली (ब्यूरो)। करनाल से आ रहे एक व्यापारी की बस में मौत हो गई। बस स्टॉप पर पहुंची बस के ड्राइवर ने पुलिस को सूचना दी। हरियाणा के मुंडलाना पानीपत निवासी व्यापारी रणवीर बुधवार को करनाल किसी काम से गया हुआ था। वह करनाल से बस में शामली आ रहा था। बस में उसकी मौत हो गई।
शामली पहुंचने पर बस चालक ने उसको उठने के लिए कहा, लेकिन जब तक काफी देर तक भीं नहीं उठा तो घबराए चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शहर कोतवाली पुलिस उसे अस्पताल में लेकर पहुंची, लेकिन वहां पर उसको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो जेब से मिले कागजों के आधार पर उसकी शिनाख्त हो गई।
पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर परिजन शामली पहुंचे और शव को बिना कार्रवाई के ही अपने साथ ले गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बस में जहरखुरानी गिरोह द्वारा भी व्यापारी को जहर खिलाए जाने की आशंका जताई जा रही हैै। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया।