शामली। शामली ब्लॉक में गांव की सरकार की मतगणना बारह घंटे में पूरी हो गई। पहले सात घंटे में 24 गांवों के जल्दी परिणाम आए। इसके बाद बारह गांवों की मतगणना में चार घंटे लगे। दिग्गज प्रत्याशियों के हाथ से इस बार जीत की बाजी खिसक गई।
रविवार को ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज में शामली ब्लॉक केे 34 गांवों के प्रधान और पंचायत सदस्य की मतगणना शुरू हुई। सुबह 9 बजे कासमपुर गांव के प्रधान पद पर आदेश देवी का चुनाव नतीजा घोषित हुआ। प्रथम चक्र की मतगणना के दौरान डीएम ओपी वर्मा, एसपी विजय भूषण ने मतगणना स्थल का जायजा लिया।
दो बजे तक दो चक्रों में धनेना, भनेड़ा जट, आदमपुर, खानपुर तलबा माजरा, जंधेड़ी, गोहरपुर, कांजरहेडी, भिक्का माजरा, सोटा, बरला जट, गोहरनी, फतेहपुर, करोड़ी, बहावडी, काबड़ौत, खानपुर, झाल, बुटराडी, सिभांलका, कुरमाली, जलालपुर, सिक्का के नतीजे घोषित हुए। तीसरे चक्र में भाजू, सिलावर, करौदा हाथी, भैंसवाल खेड़ी करमू, बलवा, लिलौन, बुटराड़ी, लांक, कुड़ाना की मतगणना शाम छह बजे समाप्त हुई।
इस चक्र में भाजू, सिलावर, करौदाहाथी के परिणाम पहले आए। भैंसवाल, खेड़ी करमू, बलवा, बुटराड़ा, लांक, कुड़ाना के आखिरी में नतीजे घोषित किए गए। मतगणना में सिंभालका गांव में निवर्तमान प्रधान पूजा, सिक्का की निवर्तमान प्रधान दीपा शर्मा, भैसवाल के निवर्तमान प्रधान उमेश कुमार, खेड़ी करमू में मुनेश देवी, लिलौन में रविंद्र कुमार, कुड़ाना में राजेंद्र सिंह, बहावड़ी से सुनीता के हाथों से बाजी खिसक गई। सभी निवर्तमान प्रधान चुनाव हार गए।