बाबरी। भूमि अधिग्रहण में समान मुआवजे न मिलने पर बुधवार को किसानों ने भाकियू नेताओं के साथ का मुजफ्फरनगर-शामली बॉर्डर पर चंदपुरा बाग के निकट धरना जारी रखा। भाकियू ने दो सितंबर को हाईवे पर पंचायत करने की चेतावनी दी है।
पानीपत-खटीमा मार्ग नेशनल हाइवे को फोरलेन बनाने के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि अधिग्रहण में दोहरी नीति अपनाई गई है। सभी किसानों को समान मुआवजा नहीं दिया गया। इसके विरोध में भाकियू के साथ क्षेत्र के किसानों का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। भाकियू के जिला संगठन मंत्री विपुल निर्वाल ने प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक समान मुआवजा नहीं दिया जाएगा तब तक भूमि अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान किसानों ने अपनी मांग में समान मुआवजा, फसल का मुआवजा, आबादी क्षेत्र के हिसाब से मुआवजा देने की मांग की।
भाकियू मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि या तो किसानों की समस्या का समाधान कर दिया जाए अन्यथा दो सितंबर से मुजफ्फरनगर शामली मार्ग पर ही भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में पंचायत होगी। इस दौरान भाकियू के न्याय पंचायत अध्यक्ष बाबरी मोमिन खान, मीडिया प्रभारी गुरुदास, राजेंद्र सैनी अध्यक्ष ब्लॉक बघरा, कुशलवीर चरथावल, मांगेराम त्यागी पुरकाजी, देव अहलावत, बिपिन बालियान, अशोक घटायन, डॉ. रिहान, बादल चौधरी, विकास सैनी, अजय कुमार पिपलहेड़ा, भगत सिंह, बोविंर, ओमपाल मुखिया, विनोद चौधरी, राजेंद्र सिंह, प्रभु सिंह, सुनील लाटियान, सत्यपाल सिंह, बीरपाल सिंह, सुमित पलटू, वेदपाल शास्त्री, शेर सिंह आदि मौजूद रहे।