थानाभवन धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण करतीं डीएम जसजीत कौर।
- फोटो : SHAMLI
थानाभवन मंडी में पुलिस की निगरानी में होगी धान की खरीद
शामली। डीएम जसजीत कौर के औचक निरीक्षण में झिंझाना के राजकीय धान खरीद केंद्र प्रभारी गैर हाजिर मिले। हरड़ फतेहपुर खरीद केंद्र पर कर्मचारी मौजूद नहीं मिले। डीएम ने नाराजगी जताते हुए करते हुए अनुपस्थित केंद्र प्रभारी समेत कर्मचारियों के एक दिन का वेतन काटने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम जसजीत कौर ने झिंझाना, थानाभवन मंडी व हरड़ फतेहपुर के धान खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय धान क्रय केंद्र झिंझाना में केंद्र प्रभारी अनुपस्थित मिले। डीएम को बताया गया कि केंद्र प्रभारी तहसीलदार के निरीक्षण के दौरान भी अनुपस्थिति मिले थे। केंद्र का संचालन सहायकों द्वारा किया जा रहा है। डीएम ने नाराजगी प्रकट करते हुए नदारद केंद्र प्रभारी का एक दिन का वेतन व विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी दौरान राजकीय धान क्रय केंद्र हरड़ फतेहपुर में कोई भी स्टाफ मौजूद नहीं मिला। उन्होंने यहां भी एक दिन का वेतन काटने व विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए।
थानाभवन मंडी परिसर के धान खरीद केंद्र पर डीएम ने किसानों से बात की और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुनीता राणा से धान की खरीद के बारे में जानकारी हासिल की। डीएम ने मार्केटिंग इंस्पेक्टर को धान क्रय केंद्र पर सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ही खरीद करने व बुनियादी सुविधाएं दिए जाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि थानाभवन धान खरीद केंद्र पर एक अक्तूबर से अब तक 1728 क्विंटल 80 किलो धान की खरीद हो चुकी हैं। 250 क्विंटल प्रतिदिन धान खरीद थानाभवन क्रय केंद्र पर की जा रही है। मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुनीता राणा द्वारा कुछ किसानों पर अनावश्यक धान खरीदने करने का दवाब बनाने और अभद्र व्यवहार करने की शिकायत की है। डीएम ने धान खरीद केंद्र पर पुुलिस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। निरीक्षण के दौरान पुराने रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने व सफाई रखने के निर्देश दिए। डिप्टी आरएम निहारिका को जिले में दूसरे खरीद केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने कहा कि धान खरीद से संबंधित किसी किसान द्वारा शिकायत की जाती है, तो संबंधित धान खरीद केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।