चौसाना। गांव खोड़समा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में डीएम ने हलका लेखपाल को निलंबित करने के आदेश एसडीएम ऊन को दिए हैं। ग्राम प्रधान की शिकायत पर तहसीलदार शामली की अध्यक्षता गठित टीम ने जांच की थी।
गांव खोड़समा में खसरा नंबर 415 नवीन परती की भूमि पर गांव निवासी यासीन, शराफत, नौशाद व नवाब ने अवैध कब्जा कर बरामदा व मकान का निर्माण कर लिया। ग्राम प्रधान नरेश कुमार ने डीएम से शिकायत की। डीएम जसजीत कौर ने तहसीलदार शामली के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम से जांच कराई थी। जांच में शिकायत सही पाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने घोर लापरवाही मानते हुए लेखपाल राजू गोयल को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम ऊन मणि अरोरा ने बताया कि वह छुट्टी पर हैं। उन्हें अभी आदेश प्राप्त नहीं हुुआ है। आदेश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।