थानाभवन। हसनपुर लुहारी गांव में जनगणना करने गई टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप था कि जनगणना के बजाय सरकार नागरिक संशोधन कानून का कोई डाटा एकत्रित कर रही है। लोग सरकार के इस कार्य में सहयोग नहीं करेंगे।
जिला प्रशासन ने कुछ दिन पूर्व जन सेवा केंद्र संचालकों एवं स्थानीय वॉलेंटियर की परीक्षा आयोजित कराई थी। इस परीक्षा में पास होने वाले लोगों की टीमें बनाई गई। इन टीमों को गांव में मोबाइल के जरिए डिजिटल जनगणना के लिए भेजा गया। शनिवार को एक टीम हसनपुर लुहारी गांव के मोहल्ला टंकी में पहुंची और जनगणना शुरू की। जैसे ही टीम लोगों की गणना करने लगे, उसी समय कुछ युवक मौके पर पहुंचे और जनगणना का कार्य बंद करा दिया। युवकों ने आरोप लगाया कि सरकार जनगणना के बजाय नागरिकता संशोधन कानून से संबंधित कोई जानकारी एकत्रित कर रही है। इस दौरान लोग एकत्रित हो गए और जनगणना कराने से इंकार कर दिया। मौके पर पहुंची टीम ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोगों ने सहयोग करने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद टीम मौके से वापस लौट आई। कोआर्डिनेटर तान्या ने बताया कि ऐसे लोगों के मकान नंबर नोट करने के लिए कहा गया है, जो इस कार्य में सहयोग नहीं कर रहे है।
उप जिलाधिकारी संदीप जैन ने बताया कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। ऐसा है तो लोगों से संपर्क कर उन्हें समझाने का प्रयास किया जाएगा। ताकि गणना का कार्य पूरा कराया जा सके।