शामली। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत 17 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन कराने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे।
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर निर्धारित की गई है। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक यादव ने पात्र नागरिकों से अभियान के दौरान मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने की अपील की है।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक नाम शामिल कराने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
अलग-अलग काम के लिए निर्धारित हैं तीन फाॅर्म
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फाॅर्म-6 भरना होगा। किसी मृतक या स्थानांतरित व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फाॅर्म-7 और नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फाॅर्म-8 भरना होगा। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकेंगे। इसके लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
चार अर्हता तिथियों पर युवाओं को मिलेगा मौका
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जाएंगे।
डीएम आलोक यादव ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी का नाम सूची में शामिल नहीं है या विवरण में कोई त्रुटि है तो निर्धारित समय में संबंधित फार्म भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।