शामली। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, किसी प्रविष्टि में संशोधन कराने के लिए मतदाताओं को 16 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को एकीकृत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को जारी होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम घोषित किया गया है। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा।
तीन तरह के फार्म से कराएं काम
नए मतदाता बनने के लिए फार्म-6 भरना होगा। मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कराने के साथ डुप्लीकेट वोटर कार्ड बनवाने के लिए फार्म-8 भरना होगा। आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा अपने क्षेत्र के बीएलओ को 16 दिसंबर तक सौंप सकते हैं।
18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी बनेंगे मतदाता
एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के पात्र होंगे। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी फार्म-6 प्राप्त किए जाएंगे। नियमानुसार उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की है।