शामली। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत विशाल मेगा मुद्रा कैंप में सौ लाभार्थियों को 90 लाख की राशि के लिए ऋण स्वीकृति पत्र एवं मुद्रा कार्ड प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि संासद कैराना हुकुम सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जनता को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है।
मंगलवार को हनुमान धाम पर पूर्वाह्न ग्यारह बजे महाराजा अग्रसेन बारातघर भवन में विशाल मेगा मुद्रा ऋण कैंप आयोजित किया गया। जिले के सभी बैंकों के द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कैराना भाजपा सांसद हुकुम सिंह, सीडीओ विनोद कुमार सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया। जिला अग्रणीय बैंक प्रबंधक जीडी बत्रा ने सभी बैंकों को जनपद के सभी वार्डों एवं गांवों की सूची आवंटित की गई। सौ मुद्रा ऋण लाभार्थियों को 90 लाख की राशि के ऋण स्वीकृति पत्र एवं मुद्रा कार्ड प्रदान किए गए।
हुकुम सिंह ने बताया कि आज के समय में प्रधानमंत्री जनधन योजना के 19 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने बैंकर्स से अनुरोध किया कि ग्रामीण अंचल में नई बैंक शाखाएं खोली जाएं। विकास प्रबंधक नाबार्ड शैलेंद्र पड़ियार, वाईपीएस पंवार ने बैंकिंग संबधित विषयों जीवन बीमा योजना, पेंशन योजना, जनधन योजना, मुद्रा ऋण एवं फसली बीमा के बारे में जानकारी दी। एटीएम के परिचालन में सावधानी बरतने हेतु दिशा निर्देश दिए।
पीएनबी द्वारा ग्रामीण अंचल से आए किसानों को 50 लाख के कृषि ऋण एवं स्वीकृति पत्र सौंपे गए। कृषि ऋण योजनाओं की पूरी जानकारी के साथ बैंक की विभिन्न योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। शिविर में सीडीओ विनोद कुमार सिंह, शामली नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अरविंद संगल, विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संचालन एफएलसी वाई पीएस पंवार ने किया। शिविर में बैंकों के स्टाल के माध्यम से 400 आवेदन प्राप्त हुए।