खुले में शौच किया तो 500 रुपये जुर्माना
- फोटो : अमर उजाला
शामली के विकास भवन में सोमवार को आयोजित ग्राम प्रधानों की बैठक में एकमत से प्रस्ताव पारित हुआ कि खुले मे शौच जाने वाले व्यक्ति पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाए। इस जुर्माने की व्यवस्था के प्रचार प्रसार के लिए मंदिरों मस्जिदों में मुनादी कराने, गांव की चारदीवारी पर लिखवाने और अन्य विकल्पों पर भी विचार किया गया।
सोमवार को सुबह 11 बजे विकास भवन के सभागार मेें 34 ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। सीडीओ विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों को अच्छी गुणवत्ता के शौचालय निर्माण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 31 जुलाई तक शौचालयों का दरवाजा लगाने, पेंट कराने, शौचालय के बाहर लाभार्थी का नाम निर्माण का वर्ष, शौचालय पर पेंटर द्वारा स्वच्छता अभियान का चिह्न बनाने और स्वच्छता अभियान का नारा भी लिखवाए जाने को कहा गया।
ग्राम प्रधानों की सहमति से प्रस्ताव पारित होने पर खुले में शौच पर जुर्माने की तैयारी के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी एके उपाध्याय, बीएसए चंद्रशेखर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।