सीएचसी में दो दिन बंद रहेगी ओपीडी
शामली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली में मंगलवार को फार्मासिस्ट के कोरोना संक्रमित होने पर बीच में ही ओपीडी को बंद कर दिया गया। सीएचसी में मरीजों को दवा देकर बीच में ही ओपीडी बंद कर दी गई और सभी को घर भेज दिया गया। अब शुक्रवार को ओपीडी शुरू होगी।
जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सीएचसी शामली में एक फार्मासिस्ट को दो दिन से गले में खराश की शिकायत चल रही थी। मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे फार्मासिस्ट ने सीएचसी में एंजीटन किट से जांच कराई। सैंपल की जांच रिपोर्ट में फार्मासिस्ट कोरोना संक्रमित मिले। इसकी जानकारी मिलने पर सीएचसी में आए मरीजों की जांच कर दवा दी गई। इसके बाद सभी मरीजों को घर भेज दिया गया। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि मंगलवार को ओपीडी सेवा बंद कर दी गई। इमरजेंसी सेवा 24 घंटे चालू रहेगी। दो दिन तक सीएचसी को सैनिटाइज कराया जाएगा। शुक्रवार को ओपीडी शुरू की जाएगी। विदित हो कि सीएचसी में पूर्व में भी दो चिकित्सक सहित कई स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।
पालिका कार्यालय भी बंद रहा
शामली। नगरपालिका शामली के कर्मचारी के कोरोना संक्रमित मिलने पर मंगलवार को कार्यालय बंद रहा। पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पालिका का एक कर्मी के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसके चलते सोमवार और मंगलवार को पालिका कार्यालय बंद रहा। बुधवार को कार्यालय खुलेगा।