- महिला वार्ड को अन्य कमरों में शिफ्ट कर बनाई वैकल्पिक व्यवस्था, जनरल वार्ड को किया बंद
- ओपीडी गैलरी में दंत चिकित्सक व काउंसलरों को दूसरे कमरों में किया शिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली में बारिश के चलते ओपीडी गैलरी की छत से सीमेंट का प्लास्टर का मलबा गिरने व नमी आने से हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ओपीडी गैलरी में बेरिकेडिंग कर मरीजों को आवागमन बंद कर गया। इसके अलावा महिला वार्ड को खाली कर दूसरे कमरों में शिफ्ट कर दिया गया। जनरल वार्ड को बंद कर दिया गया है।
बारिश चलने से सीएचसी के पुराने भवन की छत जर्जर हालत में है। एक सप्ताह पहले बारिश में नमी के चलते ओपीडी गैलरी की छत से सीमेंट के प्लास्टर का मलबा टूटकर गिर गया था। गनीमत ये रही कि उस समय किसी को चोट नहीं आई। इसके अलावा महिला वार्ड व जनरल वार्ड के कमरों की छतों में नमी आने से हादसा होने का खतरा बन गया। इसे देखते हुए जर्जर छत वाली ओपीडी गैलरी को बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया। जनरल वार्ड की तरफ से भी बेरिकेडिंग कर गैलरी को बंद किया गया। इसके अलावा महिला वार्ड को वैकल्पिक तौर पर दूसरे कमरों में शिफ्ट किया गया जबकि जनरल वार्ड को बंद कर दिया गया।
सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि महिला वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए तीन बेड की व्यवस्था 28 नंबर में और पांच महिलाओं के लिए लेबर रूम में व्यवस्था की गई है। जिन महिलाओं का ऑपरेशन होगा, उनके लिए ओटी के एक कक्ष में दो बेड की व्यवस्था की गई। ओपीडी गैलरी में कक्ष नंबर 18 के स्थान पर दंत चिकित्सक को कक्ष नंबर 25 में शिफ्ट किया गया।
कक्ष संख्या 19 में रखी दवाओं को निकालकर कक्ष संख्या तीन व पांच में रखा गया। एचआईवी काउंसलर को कक्ष 17 से शिफ्ट कर पैथोलोजी लैब में शिफ्ट किया गया। परिवार नियोजन काउंसलर को कक्ष नंबर 16 से शिफ्ट कर 21 नंबर में शिफ्ट किया गया है।
जनरल वार्ड को पूरी तरह बंद कर दिया। जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
चिकित्साधीक्षक ने बताया कि जर्जर भवन के संबंध में सीएमओ डॉ. अनिल कुमार को रिपोर्ट भेज दी गई है। सीएमओ के माध्यम से लखनऊ मुख्यालय को एस्टीमेट बनाकर भेजा जाएगा। एस्टीमेट स्वीकृत होने पर जर्जर भवन की मरम्मत का कार्य शुरू होगा।
शामली सीएचसी में कक्ष 28 में महिलाओं के भर्ती होने के लिए बैड लगाता स्वास्थ्यकर्मी। संवाद