शामली सीएचसी के बाहर मरीजो की लगी लाइन
- फोटो : SHAMLI
ओपीडी बंद, केवल इमरजेंसी में होगा इलाज
शामली। सीएचसी शामली में ओपीडी बंद होने के बाद इमरजेंसी और फ्लू कॉर्नर में बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों का उपचार किया जा रहा था। लेकिन मंगलवार को जिले में कोरोना का केस पॉजिटिव मिलने के बाद फ्लू कॉर्नर को बंद कर दिया गया है। अब इमरजेंसी में ही गंभीर रोगियों को उपचार दिया जाएगा। एहतियात के तौर पर सीएचसी परिसर खाली करा दिया गया है और गेट पर पुलिस तैनात कर दी गई है, ताकि अनावश्यक लोग सीएससी में न पहुंच सकें।
शासन के निर्देश पर सरकारी अस्पतालों में शनिवार से ओपीडी बंद कर दी गई थी। सीएचसी में इमरजेंसी और ओपन फ्लू कॉर्नर में बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों की जांच और उपचार किया जा रहा था। मंगलवार को सुबह भी रोज की तरह बुखार, खांसी और जुकाम के मरीजों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन जैसे ही कैराना में कोरोना का एक केस पॉजिटिव मिलने की सूचना मिली तो उसके बाद फ्लू कॉर्नर में आए मरीजों को दवा देकर घर भेज दिया गया। इसके बाद सीएचसी परिसर को स्वास्थ्य अधिकारियों ने खाली करा दिया। आइसोलेशन वार्ड से परिसर में पहले बेरिकेडिंग कर दी गई। सीएचसी के गेट पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई भी अनावश्यक व्यक्ति सीएचसी परिसर में न जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सीएचसी में अब सिर्फ इमरजेंसी में ही गंभीर रोगियों का उपचार किए जाने की व्यवस्था की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि इमरजेंसी में गंभीर रोगियों की जांच और उपचार किया जाएगा। बुखार, खांसी और जुकाम के जरूरी मरीजों की भी इमरजेंसी में जांच कर दवा दी जाएगी।