सहकारी समिति बल्ला माजरा में खुले में रखा गेहूं। संवाद
- फोटो : सांसद आवास का घेराव करतीं महिला मोर्चा की कार्यकर्ता।
चौसाना। चौसाना स्थित सहकारी समिति के गेहूं क्रय केंद्र पर रविवार को चार टोकन में से केवल तीन किसानों का ही 287 क्विंटल गेहूं तोला जा सका। केंद्र परिसर में करीब 2300 क्विंटल गेहूं का स्टॉक जमा होने से खरीद व्यवस्था प्रभावित हो रही है। किसानों को तौल के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि ट्रांसपोर्ट के लिए केवल एक ही गाड़ी लगाई गई है, जिसके चलते गेहूं का उठान धीमी गति से हो रहा है। पर्याप्त उठान न होने से केंद्र पर गेहूं का स्टॉक लगातार बढ़ता जा रहा है और नए किसानों की उपज की तोल प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि रोजाना केंद्र के चक्कर लगाने से उन्हें परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।
केंद्र प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्ट की समस्या के कारण उठान प्रभावित है। फिलहाल एक गाड़ी से ही गेहूं का उठान कराया जा रहा है। अतिरिक्त गाड़ियां लगाने के लिए अधिकारियों को अवगत कराया गया है और जल्द व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।