शामली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला गन्ना अधिकारी का घेराव कर किसानों को बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। सात दिन का अल्टीमेटम देकर कहा कि भुगतान की समुचित व्यवस्था नहीं हुई, तो किसानों को साथ लेकर आंदोलन करेगी।
शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंची। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार ने कहा कि जिले की तीनों शुगर मिलों ने किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया है, जबकि किसानों की आर्थिक हालत लगातार खराब हो रही है। किसानों को अपनी जरूरत के कार्य करने में भी दिक्कत आ रही है।
इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी ने कह दिया कि इसी सप्ताह शुगर मिलों ने भुगतान तो किया है, जिस पर भाजपाई भड़क गए । उन्होंने कहा कि आप शुगर मिलों की वकालत कर रहे हैं, जबकि किसानों की पीड़ा जानते हुए उनका साथ देना चाहिए। जिलाध्यक्ष पवन तरार ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो किसानों के साथ भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
इस दौरान भाजपा नेता हरबीर मलिक, डाक्टर रामजीलाल कश्यप, दामोदर सैनी, रवि गोयल, जगदीश चौहान, ब्रह्मपाल बंसल, पुनीत द्विवेदी, सतेंद्र तोमर, मनोज शर्मा, राजेंद्र सिंह मादलपुर, संजीव मलिक, नीरज मलिक, रजत चौधरी, आशु नामदेव, भूपेंद्र शर्मा, भूपेंद्र सिंह, आबाद खेड़की, वीरेंद्र सिंह, अंग्रेज सिंह, राजेश मलिक, अरविंद खेडी आदि मौजूद रहे।