शामली। कैराना लोकसभा क्षेत्र के चुनाव की शामली, कैराना और थानाभवन विधानसभा की मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे शुरू होगी। मतगणना शहर में नवीन मंडी स्थल पर होगी। मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके के संपन्न कराने के लिए पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह को मतगणना के लिए सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना होगी। जिले के तीनों सीओ, निरीक्षक, उप निरीक्षक समेत करीब एक हजार पुलिसकर्मी और पीएसी बल तैनात रहेगा। मतगणना स्थल के बाहर ब्लाक तिराहा, पुलिस लाइन के निकट तिराहा, गढ़ीपुख्ता मार्ग पर स्कूल के निकट समेत सात स्थानों पर बैरियर बनाए गए हैं। बताया कि माजरा रोड और भैंसवाल मार्ग समेत आसपास के मार्गों पर भारी वाहनों बसों व ट्रकों का आवागमन बंद रहेगा। उन्हें दूसरे मार्गों से बाहर से निकाल जाएगा। मतदानकर्मियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था वीवी पीजी कॉलेज व ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज के मैदान पर की गई है।