शामली/कैराना। जनपद में मिशन शक्ति के तहत छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की मेधावी 21 छात्राओं को जिले के अधिकारियों की एक दिन के लिए कमान सौंपी गई। छात्राओं ने एक दिन की अधिकारी बनकर कार्यालय में समस्या लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए उनका मौके पर निस्तारण किया। इसमें सावी जैन ने डीएम व रिद्धि मित्तल ने एसपी की कमान संभाली।
बृहस्पतिवार को जनपद में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के परिणाम के आधार पर हाईस्कूल की 10 मेधावी और इंटरमीडिएट की 11 मेधावी छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत एक दिन के लिए अलग-अलग विभागों में सांकेतिक अधिकारी बनाया गया। इसमें जिलाधिकारी के रूप में सीबीएसई टॉपर्स सावी जैन ने जिलाधिकारी कार्यालय में बैठकर जन समस्याओं को सुना, जो भी शिकायतें प्राप्त हुई उनके निस्तारण हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
सावी जैन के समक्ष भूमि संबंधी और पारिवारिक विवाद संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई। सावी जैन ने बताया कि उन्हें जिलाधिकारी बनकर बहुत अच्छा लगा, उनके जीवन का लक्ष्य भी डीएम बनना है। यह सरकार की बहुत अच्छी और सराहनीय योजना है।
वहीं रिद्धि मित्तल को पुलिस अधीक्षक, हिमाचल बेनीवाल को मुख्य विकास अधिकारी, मुस्कान को अपर जिलाधिकारी, अपर्णा सोलंकी को अपर जिलाधिकारी न्यायिक, वंशिका गर्ग को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खुशी को उप-जिलाधिकारी शामली, प्रियांशी को वरिष्ठ कोषाधिकारी, हिमांशी को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शामली, रूहानी को जिला पंचायत राज अधिकारी शामली, साक्षी को परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण शामली, सामिया चौधरी को परियोजना अधिकारी जिला नगरीय विकास अभिकरण शामली, अवनी मित्तल को जिला पूर्ति अधिकारी शामली, अनुष्का अग्रवाल को जिला विकास अधिकारी शामली, तृशा गर्ग को जिला कार्यक्रम अधिकारी शामली, अंशिका निर्वाल को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शामली, अनुष्का सैनी को जिला विद्यालय निरीक्षक शामली, दिशा सैनी को जिला प्रोबेशन अधिकारी शामली, लक्षिता मित्तल को जिला समाज कल्याण अधिकारी शामली, मिष्ठी गुप्ता को सहायक श्रमायुक्त शामली, दीपांशी को जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शामली बनाया गया।