चौसाना (शामली)। हरियाणा के जींद स्थित ईंट भट्ठे से करीब डेढ़ लाख रुपये लेकर घर लौट रहे ठेकेदार से सकौती-खोड़समा मार्ग के जंगल में कार सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर नकदी लूट ली। सूचना पर पुलिस और एसओजी मौके पर पहुंची और जांच की। मंगलवार को आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
चौसाना निवासी जिलेदार हरियाणा के जींद स्थित ईंट भट्ठे पर ठेकेदारी करता है। सोमवार रात वह भट्ठे से नकदी लेकर घर लौट रहा था। उसने बताया कि करनाल से उसने कार में लिफ्ट ली थी। आरोप है कि सकौती-खोड़समा मार्ग के जंगल में कार सवार दो बदमाशों ने उसे नीचे उतार लिया और तमंचे के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद वह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
मंगलवार सुबह थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित के पुत्रों से भी जानकारी ली गई। पुलिस ने करनाल बस स्टैंड समेत उन स्थानों की जानकारी जुटाई, जहां से जिलेदार ने नकदी प्राप्त की थी। चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है और जांच की जा रही है।