शामली। बकाया नहीं चुकाना पड़े, इसके लिए कुछ बिजली उपभोक्ता तरह-तरह के हथकंडे भी अपना रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने पड़ोसियों या फिर किसी अन्य के नंबर की केवाईसी करा दी। फोन घुमाओ अभियान के तहत बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 10 हजार से अधिक के बकायेदारों के पास कॉल कर तगादा किया तो जांच में जिलेभर में 5 हजार से अधिक नंबर फर्जी निकले। यही नहीं, कुछ बकायेदारों ने पहले गन्ने का भुगतान कराने तो कुछ ने फसल कटने के बाद बकाया जमा करने की बात कहीं। कुछ ने रांग नंबर कहकर काल को बीच में ही डिस्कनेक्ट कर दिया।
केस-1
थानाभवन के सोहनवीर नाम के उपभोक्ता के पास कॉल की गई। जिस पर 60 हजार रुपये बकाया था। सोहनवीर ने कहा कि पहले उसके गन्ने का भुगतान कराओ, इसके बाद ही बिजली बिल का भुगतान किया जाएगा।
केस-2
जसाला के महेंद्र, जलालाबाद के नईम, बनत के संजय सिंह, राजेंद्र द्वारा दिए गए नंबर फर्जी निकले। उक्त नंबर अलीगढ़, आगरा या फिर किसी अन्य स्थानों पर चलाए जा रहे थे।
केस-3
बनत के संजय सिंह के पास कॉल करने पर पता चला कि नंबर संजय के पड़ोसी रितिक का है। रितिक पर 80 हजार रुपये बिजली विभाग के बकाया थे।
केस-4
शामली के बाबूराम, सचिन के पास कॉल करने पर जवाब आया कि पहले 24 घंटे बिजली देने की व्यवस्था करो, इसके बाद ही भुगतान किया जाएगा।
ये है हालात
: जिले में करीब 2 लाख 68 हजार बिजली उपभोक्ता हैं।
: जिले में 50 हजार से अधिक के बकाएदार 12195 हैं, जिन पर 155 करोड़ 97 लाख रुपये बकाया है।
: जिले में 10 हजार से ऊपर के बकाएदार 69.62 हजार है, जिन पर करीब 280 करोड़ रुपये बकाया है।
: 40 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ता बकाया बिल जमा करा चुके हैं।
कर्मचारी लगा रहे उपभोक्ताओं के घरों के चक्कर
बिजली विभाग ने सहूलियत के लिए कनेक्शन के साथ उपभोक्ताओं के केवाईसी तो कर दी, लेकिन जब विभाग उस सहूलियत का फायदा लेकर बकाएदार उपभोक्ताओं के फोन नंबर पर कॉल कर रहा है तो आधे नंबर गलत मिल रहे हैं। एक कर्मचारी को प्रतिदिन 30 नंबरों पर कॉल करनी होती है। 30 में से 10 नंबर फर्जी निकल रहे हैं। ऐसे में कर्मचारी दफ्तरों को छोड़कर बकाएदारों के घरों के चक्कर लगा रहे हैं।
बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने पर यहां करें शिकायत
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनसुार, बिजली आपूर्ति में व्यवधान होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 9193330951 नंबर पर लोग सूचना दे सकते हैं, जल्द से जल्द समस्या के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। एसई रामकुमार का कहना है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में मातहतों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू हुई थी मुहिम
एसई रामकुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन लि. के अधिकारियों के निर्देश पर राजस्व व्यवस्था को बेहतर करने के लिए फोन घुमाओ अभियान की पहल शुरू की थी। सितंबर माह के पहले सप्ताह से शुरू हुए अभियान में 10 हजार से अधिक रुपये के बकाएदार उपभोक्ताओं को कॉल कर तगादा किया जा रहा है।
फोन घुमाओ अभियान उपभोक्ताओं से बिल जमा कराने के लिए चलाया जा रहा है। अभियान का असर यह हुआ है कि काफी संख्या में उपभोक्ताओं तक हम पहुंच भी रहे हैं। काफी संख्या में उपभोक्ताओं के नंबर फर्जी निकल रहे हैं। इसके अलावा कुछ उपभोक्ता गन्ना भुगतान की भी जिद कर रहे हैं तो कुछ के नंबर स्विच ऑफ जा रहे हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा। उपभोक्ताओं से अपील है कि वह अपना सही नंबर अपडेट करा ले, ताकि कर्मचारियों को भी परेशानी नहीं हो।
- रामकुमार, एसई शामली