नौ साल बाद बड़ौत में काम करता मिला ओमवीर
थानाभवन। मार्च 2011 में घर से लापता युवक को पुलिस ने बड़ौत थाना क्षेत्र के एक गांव से बरामद कर लिया है। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कस्बे के मोहल्ला हाकिमान निवासी कुशलपाल ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर बताया था कि मार्च 2011 में उसका बेटा ओमवीर अचानक घर से कहीं चला गया था। उस समय उसका एक्सीडेंट हो गया था, इस कारण वह ओमवीर की ज्यादा तलाश नहीं कर पाया था। बताया कि उनका बेटा मनोरोगी है। कुशलपाल ने बताया था कि उन्हें हाल में ही पता चला है कि उनका बेटा बड़ौत क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति के यहां काम कर रहा है। शिकायत के बाद पुलिस परिजनों को साथ लेकर बड़ौत क्षेत्र के गांव बरवाला स्थित रविंद्र पुत्र गोवर्धन के घर पहुंची। जहां से उन्होंने ओमवीर को बरामद कर लिया। रविंद्र ने बताया कि ओमवीर दस माह से उनके यहां काम कर रहा है। इससे पहले वह कहां था इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि सरकारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ओमवीर को मंगलवार को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।