थानाभवन (शामली)। रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को ट्रेन से उतरते समय चपेट में आकर बागपत के रटौल गांव की रहने वाली 60 वर्षीय वृद्धा नूरजहां की मौत हो गई। वृद्धा दिल्ली से हरिद्वार को जाने वाली ट्रेन में सवार होकर पहुंची थी। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बागपत जिले के थाना खेकड़ा के गांव रटौल की रहने वाली 60 वर्षीय महिला नूरजहा पत्नी इलियास दिल्ली से हरिद्वार को जाने वाली ट्रेन में सवार होकर अपनी पुत्री शबाना की ससुराल थानाभवन के गांव रोनी हरजीपुर में आ रही थी। बेटी की ससुराल में किसी की मौत हो गई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही महिला रेलवे स्टेशन पर उतरने लगी तो अचानक ही उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गई। महिला का एक पैर कट गया। वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पाते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।