मोहल्ला रामसागर में विलाप करते महिला के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में मोहल्ला रामसागर में संकरी गली में ट्रैक्टर-ट्रॉली और दीवार के बीच फंसकर एक वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला रामसागर में एक युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर संकरी गली में घुस गया। वह ट्रैक्टर-ट्रॉली को बैक कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले की सोहनवीरी (65) ट्रॉली और दीवार के बीच में फंस गई।
शोर मचाते हुए लोगों ने ट्रैक्टर को आगे कर बमुश्किल वृद्धा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सोहनवीरी की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया तो सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार राय का कहना है कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी, मामले की जांच की गई। लोगों के कहने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पारिवारिक मामला है, यदि महिला के परिजन चाहेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।