एक कर्मचारी मेरठ रेफर, दूसरे का स्थानीय उपचार
हादसे के बाद संदीप शर्मा को पास के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहीं साजिद मिर्जा की हालत गंभीर होने के कारण उसे एंबुलेंस से मेरठ रेफर किया गया। फैक्टरी मालिक का कहना है कि हादसा बड़ा नहीं था और दोनों घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस को सूचना मिलने में देरी पर सवाल
फैक्टरी परिसर में हादसा होने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी की बात सामने आई। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। हादसे की सूचना पुलिस को किस स्तर पर और कब मिली, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
एसडीएम ने किया निरीक्षण, मांगे लाइसेंस और दस्तावेज
सूचना मिलने पर शामली के सदर एसडीएम सचिन राजपूत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन से हादसे की जानकारी लेने के साथ घायलों के बारे में भी जानकारी जुटाई। एसडीएम ने फैक्टरी का लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे हैं। उन्होंने घायलों के परिजनों से मिलने और उनका हाल जानने की बात कही। साथ ही फैक्टरी में सुरक्षा मानकों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी ली।