शामली। शहर के वार्ड 23 में बड़ा बाजार हलवाई हट्टा स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में बृहस्पतिवार को अमर उजाला की तरफ से संवाद कार्यक्रम में एसडीएम सदर सचिन राजपूत, सीओ सिटी जितेंद्र सिंह यादव और नगरपालिका के ईओ विनोद सोलंकी ने लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया। 30 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
नागरिकों ने कहा कि वार्ड में जो सड़कें स्वीकृत हैं, उनका टेंडर होने पर भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। एसडीएम ने ईओ को सड़कों का निर्माण जल्द कराने के निर्देश दिए। बड़ा बाजार में बिजली का खंभा झुके होने की समस्या पर एसडीएम ने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। बाजार में आते-जाते समय छेड़खानी की शिकायत पर सीओ ने पुलिस गश्त बढ़ाने और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राजो वाला मोहल्ले में सफाई की समस्या पर पालिका कर्मचारियों को मौके पर भेजकर समाधान कराया गया। इसी मोहल्ले के सादिक, मनोज कुमार और मनीष , बलबीर के राशन कार्ड की मीटर खराब की समस्या का समाधान कराया। इस दौरान वार्ड सभासद निशिकांत संगल, अवर अभियंता जल हर्षित गर्ग, अवर अभियंता निर्माण श्रीकांत राणा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार, वैभव गर्ग आदि रहे।
बोले नागरिक
कलंदरशाह निवासी रजिया ने बताया कि उसके साथ तीन अन्य लोग हरियाणा के मिर्चपुर में पोल्ट्री फार्म पर मजदूरी पर गए थे। पोल्ट्री फार्म मालिक ने उन्हें बंधक बना लिया था। उसे व रोहन को छोड़ दिया गया जबकि वसीमा व अरमान अभी भी बंधक बने हुए हैं, जिन्हें मुक्त कराया जाए।
प्रदीप गोयल ने समस्या रखी कि शहर के चार प्राचीन सिद्धपीठ मंदिर, सतीवाला, गुलजारी वाला, सदाशिव और भाकूवाला मंदिर की सड़कें ठीक कराई जाएं और मंदिरों के कटआउट लगवाए जाएं।
विकास मित्तल ने बताया कि उनकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है। पैसे के अभाव में उनकी पत्नी का इलाज नहीं हो पा रहा है। उनका अंत्योदय कार्ड बना दिया जाए ताकि उनका आयुष्मान कार्ड बन जाए।
बड़ा बाजार निवासी प्रमोद वर्मा ने कहा कि नाली का निर्माण करते समय पेयजल की टंकियां नहीं हटाई गईं और कई कनेक्शन बाधित हैं।
बड़ा बाजार निवासी अश्वनी कुमार ने बताया कि उनकी दुकान के बाहर विद्युत खंभा झुका हुआ है, जिसके गिरने से कभी भी हादसा हो सकता है। इसका समाधान किया जाना चाहिए।
देवेंद्र खिप्पल ने बताया कि आर्य समाज मंदिर से लेकर काका वैद्य के मकान तक सड़क पास होने के बाद निर्माण नहीं हुआ है।
मोहल्ला ब्राह्मणान निवासी कविता ने बताया कि मोहल्ले के एक व्यक्ति ने पानी की निकासी वाले पाइप को बंद कर दिया, जिससे निकासी न होने से घर से बाहर पानी भरा रहता है। इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।