शामली। कोरोना चुनावी माहौल में कहर बरपा रहा है। चुनावी कार्यों में लगे अधिकारी और कर्मचारी भी संक्रमित मिलने लगे हैं। चुनावी कार्य में लगे सीडीओ और परियोजना अधिकारी डीआरडीए के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद उनके संपर्क में आने वालों में खलबली मची है। दरअसल मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण से लेकर अन्य बैठकों में दोनों अधिकारी शामिल रहे हैं और बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी इनके संपर्क में आए हैं।
तीन दिन पहले परियोजना अधिकारी डीआरडीए ज्ञानेश्वर तिवारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वह लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक में मौजूद रहे थे और प्रभारी अधिकारी कार्मिक का कार्य देख रहे थे। रविवार को सीडीओ शंभूनाथ तिवारी की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ ही अन्य प्रशासनिक बैठकों में लगातार शामिल रहे हैं। उनके संपर्क में आए अधिकारी और कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने जांच के लिए सैंपल दिए हैं। 13 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। फैल रहा संक्रमण चुनाव कार्यों पर भी प्रभाव डाल रहा है। प्रशिक्षण में लगे पीडी के संक्रमित मिलने के बाद डीपीआरओ को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब सीडीओ के संक्रमित होने से किसी अन्य अधिकारी को उनके स्थान पर जिम्मेदारी दी जाएगी। कर्मचारियों का प्रशिक्षण सोमवार को भी होना है।