ऊदा देवी शहीदी दिवस धूमधाम से मनाया
कांधला। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला में ऊदा देवी पासी शहीदी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षकों ने ऊदा देवी के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डा. अतुल शर्मा ने की। इस अवसर पर डा. विजेंद्र सिंह ने बताया कि ऊदा देवी पासी ऐसी वीरांगना थी जो अपने पति मक्का पाशी से प्रेरित होकर फौज में भर्ती हुई थी और 1857 की क्रंाति को आगे बढ़ाते हुए अंग्रेजों के साथ वीरता व साहसपूर्वक लड़ी थीं। प्राचार्य डा. अतुल शर्मा ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी सभी छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संचालन डा. विनोद कुमार ने किया। इस अवसर पर डा. बृजभूषण, डा. विजेंद्र सिंह, डा. विशाल कुमार, डा. बृजेश राठी, डा. पंकज चौधरी, डा. सुनील कुमार, डा. दीप्ति चौधरी, हुमेरा आदि मौजूद रहे।
स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी
कांधला। द्रोणा पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया, जिसका उद्घाटन विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने किया। बच्चों ने बड़े सुंदर, आकर्षक, तथा वर्तमान में देश की विभिन्न समस्याओं जैसे पर्यावरण, प्रदूषण, ट्रैफिक, विलेज लाइफ, सिटी लाइफ, विद्युत, इंजीनियरिंग, मेडिकल आदि पर विभिन्न प्रकार के मॉडल बनाएं और फूड स्टॉल लगाए। अभिभावकों ने पहुंचकर प्रदर्शनी देखी और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विधायक तेजेन्द्र निर्वाल ने कहा कि छात्राओं को परस्पर ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए।
व्यापारी पेंशन के बारे में दी जानकारी
कांधला। शनिवार को व्यापार मंडल के अध्यक्ष और प्रांत मंत्री ईश्वर दयाल कंसल के प्रयास से सहायक श्रम आयुक्त संतोष कुमार और श्रम प्रवर्तन अधिकारी मधु प्रभा ने टीम के साथ प्रधानमंत्री व्यापारियों को पेंशन योजना की जानकारी दी। ईश्वर दयाल कंसल के आवास पर व्यापारियों को बिना किसी परेशानी के योजना के लाभ देने का विश्वास दिलाया। श्रम विभाग व व्यापार मंडल के बीच व्यापारी पेंशन का लाभ पहुंचाने के लिए शिविर का आयोजन करने पर सहमति व्यक्त की गई, जिसकी तारीख शीघ्र ही तय कर व्यापारियों की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान महामंत्री श्रीकांत जैन, युवा जिला अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, गुलजार अंसारी, मुनव्वर आदि उपस्थित रहे।
परीक्षा पास होने के बाद भी नहीं मिला प्रमाण पत्र
कांधला। कस्बे के कैराना रोड स्थित कालेज के छात्र ने प्रबंधक पर मार्कशीट न देने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। थाना समाधान दिवस में पहुंचे डीएम को गांव गंगेरू निवासी छात्र शिवम व पंजोखरा निवासी अवनीश ने बताया कि उन्होंने 2016 में कस्बे के एक कालेज से कोर्स पूरा कर लिया था, लेकिन तीन साल बाद भी उन्हें मार्कशीट नहीं दी गई। हर बार कोई न कोई बहाना टाल दिया था। डीएम अखिलेश सिंह ने एक सप्ताह में समस्या के समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
किशोरी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कांधला। थाना क्षेत्र के एक गांव से फरार किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया है। जिला मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में आना-जाना था। आरोप है कि युवक एक पखवाड़ा पूर्व किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया था। शनिवार को थाना प्रभारी प्रभाकरकर कैंतुरा ने बताया कि कस्बे के रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से किशोरी को बरामद कर लिया। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी का चालान कर दिया है।
मारपीट में युवक घायल
कांधला। कस्बे के मोहल्ला गुजरान निवासी मुरसलीन ने शनिवार को थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह घर का सामान लेने के लिए बाजार जा रहा था। आरोप है कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने उसे रोक लिया, और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवकों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया।
ओवरलोड व खनन में रेत से भरे तीन ट्रक पकड़े
शामली। पुलिस ने लांक चौकी पर ओवर लोड और खनन के आरोप में रेत से भरे तीन ट्रकों को पकड़ लिया। कोतवाल ने बताया कि रेत से भरे तीन ट्रकों को पकड़ा गया है। तीनों ट्रक करनाल की तरफ से मेरठ की तरफ जा रहे थे। ट्रक के चालक मौके से फरार हो गए। मामले की जांच की जा रही है।
विनय, संजीव