शामली। गायक अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर एक लाख रुपये के इनामी शार्प शूटर सत्यम के नाम से बनाए गए इंस्टाग्राम अकाउंट कैडी 4 सत्यम पर फिर से धमकी भरी पोस्ट डाली गई है। इसमें लिखा है कि जिस दिन हमारा माथा चटकेगा, उस दिन जिंदगी हल जाएगी’। पोस्ट में घर के बाहर 400 गोलियां चलाने की धमकी दी गई है।
पोस्ट में आगे लिखा गया कि आमने-सामने मिलेंगे, जब मिलना हो बता देना। डरते नहीं हैं किसी से। इसके अलावा पोस्ट में सत्यम के नाम से लिखा गया है कि अखबार ने उसे गुंडा कहा है, लेकिन वह गुंडा नहीं है। पोस्ट में मन्या सुर्वे का भी जिक्र किया गया है। एक अन्य पोस्ट में लिखा गया- हम तो कबूल कर रहे हैं, टेंशन ना लो।
एक दिन पहले पोस्ट में लिखा था दो और मर्डर होंगे
सत्यम के नाम से सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को पोस्ट डाली गई थी, जिसमें आमने-सामने मिलने की चुनौती देते हुए डरने से इन्कार किया था, साथ ही कहा था कि अभी दो और मर्डर होंगे। लगातार सामने आ रही इन पोस्ट से पुलिस की जांच भी सोशल मीडिया अकाउंट और उन्हें संचालित करने वालों की ओर बढ़ गई है।
तीन घंटे के लिए बनाई थी स्नैप आईडी
शामली। पुलिस की जांच में सामने आया है कि करनाल के शार्प शूटरों ने सिम खरीदने के लिए करीब तीन घंटे के लिए स्नैपचैट आईडी बनाई थी। इसके बाद आईडी को डिलीट कर दिया गया था। पुलिस अब सोशल मीडिया पर सत्यम समेत अन्य नामों से डाली जा रही पोस्ट की भी जांच कर रही है कि इन्हें वास्तव में संबंधित लोगों ने डाला है या किसी और ने उनके नाम का इस्तेमाल किया है।
अंकित के परिवार के साथ गलत हुआ, जल्द मिले न्याय : केडी
शामली। हरियाणवी सिंगर केडी ने गायक अंकित बालियान हत्याकांड पर दुख जताते हुए कहा कि अंकित के परिवार के साथ बहुत गलत हुआ है। परिवार ने अपना बेटा खोया है और इस दर्द की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अंकित के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके।