शामली। आए दिन साइबर ठग ठगी के नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। अब बोर्ड और अन्य परीक्षाओं में पास कराने का झांसा देकर साइबर ठग ठगी का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, जिले में अभी इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए ठगों के बहकावे में नहीं आने की अपील की है।
बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। एसपी रामसेवक गौतम, साइबर क्राइम थाना प्रभारी संजीव भटनागर का कहना है कि परीक्षाओं में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह भी सक्रिय है। गिरोह के सदस्य लोगों के पास कॉल कर बच्चे को पास कराने का झांसा देते हैं। परीक्षा में नंबर बढ़ाने और पास कराने के नाम पर किसी को रकम न देने की अपील की है।
बताया कि बोर्ड का कोई भी अधिकारी व कर्मचारी इस तरह न तो फोन करता है और न ही फेल, पास कराने का दावा करता है। बोर्ड की तरफ से सतर्कता बरतने संबंधी दिशा निर्देश जारी किया गया है। छात्रों व अभिभावकों से अपील है कि वह इस तरह किसी के झांसे में न आएं और न ही किसी को कोई पैसा दें।