अब फर्जी कंपनियों को ढूंढेगी पुलिस
थानाभवन (शामली)। गन्ना समिति कार्यालय में करीब 75 लाख रुपये के घपले का मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस के लिए अब जांच की खातिर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, पुलिस ने पूरे मामले की जांच के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही इस कड़ी में मुकदमे शामिल किए गए लोगों से पूछताछ की जाएगी और फिर जिन कंपनियों में पैसा भेजा गया, उनकी कुंडली खंगाली जाएगी।
बता दें कि 25 जून को कस्बे के गन्ना समिति कार्यालय के सचिव भास्कर सिंह रघुवंशी की ओर से थाने में तत्कालीन सचिव, लेखाकार सहित नौ लोगों के खिलाफ 75 लाख रुपये का घपला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की तह तक जाने की शुरूआत कर दी है। पुलिस की मानें तो सबसे पहले मुकदमे के आरोपी बनाए गए तत्कालीन सचिव, लेखाकार व तीसरे कर्मचारी से पूछताछ होगी। इसके बाद खाता खुलवाने वाले व्यक्ति और तालिबपुर गांव के बैंक के मैनेजर से पुलिस सच्चाई जानने की कोशिश करेगी। इसके अलावा जिन चार कंपनियों के खाते में बैंक से 75 लाख रुपये डाले गए। उनका असली अस्तित्व जानने का भी पुलिस प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि यह मामला काफी फैला हुआ है। इसकी तह तक जाने के लिए अभी कई लोग पुलिस पूछताछ की रडार पर हैं। एक-एक करके सभी से पूछताछ की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि इस लापरवाही में अन्य भी कई लोगों के शामिल होने का भी शक है। पूरे प्रकरण का खुलासा करने के लिए कई टीमों का गठन किया जा रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरे मामले की हकीकत और असल दोषियों का पता चल सकेगा और इसके बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।