शामली। रासेयो कार्यक्रम के अंतर्गत विवि स्तर पर कोराना योद्धा बनी छात्राओं के बनाए मास्क अब गांवों में डोर-टू-डोर पहुंचेंगे। फिलहाल 10 हजार मास्क वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। सामाजिक संस्थाओं का इसमें पूरा सहयोग मिल रहा है। रोटरी क्लब शामली मिड-टाउन ने छात्राओं को कपड़ा उपलब्ध कराया है। लायंस क्लब क्राउन कलेक्शन और वितरण में सहयोग करेगा। प्रशासनिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वितरण किया जाएगा।
कोराना महामारी के चलते राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम के अंतर्गत विवि स्तर पर प्रदेश में कोराना योद्धा तैयार किए गए हैं। इसमें कालेजों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जो जरूरत पड़ने पर प्रशासन की मदद के लिए तैयार रहेंगे। शामली जिले में 1250 योद्धा तैयार हो गए हैं, जिन्हें ऑनलाइन ट्रेनिंग दी गई है।
इस कार्यक्रम के स्टेट ट्रेनिंग हेड विजय सिंह पथिक कालेज कैराना के प्रवक्ता अजय बाबू शर्मा ने बताया कि कोराना योद्धा बनी 32 छात्राएं अपने घर में ही मास्क बना रही हैं। अब ये मास्क तैयार कर गांवों में डोर-टू-डोर पहुंचाने का प्लान है। रोटरी क्लब शामली मिड टाउन ने छात्राओं को करीब छह हजार मीटर कपड़ा उपलब्ध कराया है। लायंस क्लब क्राउन द्वारा कुडाना में एक छात्रा को सिलाई मशीन भी दिलाई। मास्क तैयार होने के बाद लायंस क्लब क्राउन की मदद से इन्हें एकत्र कर लिया जाएगा। बाद में प्रशासन के सहयोग से कुछ गांव चिह्नित कर डोर-टू-डोर जाकर घर के जिस सदस्य के पास मास्क नहीं होगा और जो जरूरतमंद होगा, उसे वितरित किया जाएगा। इस दौरान प्रशासनिक प्रतिनिधि भी साथ रहेंगे। इस कार्य में लायंस क्लब क्राउन के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा सहित सभी पदाधिकारी जुटे हैं। रोटरी क्लब शामली मिड टाउन के गौरव अग्रवाल आदि पदाधिकारी जुटे हैं।
बातचीत
जिले के हरड़ गांव निवासी किसान की बेटी प्राची पुंडीर ने 150 मास्क तैयार कर लिए हैं। बताया कि परिजनों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
कांधला रेलवे स्टेशन कालोनी निवासी हीमा ठाकुर ने बताया कि सिलाई में काफी रुचि है। इस प्रोजेक्ट में 500 मास्क तैयार कर लिए हैं।
बीए प्रथम वर्ष की मोहम्मदपुर राई निवासी छात्रा जायमा ने बताया कि प्रधानमंत्री के घर में मास्क बनाने की घोषणा के बाद वह प्रेरित हुई। अब तक 480 मास्क तैयार कर चुुकी है।
किशोरपुर गांव की पारुल सैनी ने बताया कि खुशी है कि उसके बनाए मास्क किसी जरूरतमंद के काम आएंगे। वो अब तक 400 मास्क बना चुकी हैं।
कांधला निवासी गुलशन ने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि वह विपरीत हालात में देश के कुछ काम आ सकती हैं। वो घर के काम के साथ मास्क बनाती हैं। सुबह और रात को दो वक्त इन्हें बनाती हैं।
शामली में मास्क तैयार करती युवती प्राची- फोटो : SHAMLI
शामली में मास्क तैयार करती युवती हीमा ठाकुर- फोटो : SHAMLI
शामली में मास्क तैयार करती युवती जायमा- फोटो : SHAMLI
शामली में मास्क तैयार करती युवती पारूल सैनी- फोटो : SHAMLI