शामली। शहर के गांधी चौक पर भाजपा प्रत्याशी तेजेंद्र निर्वाल के समर्थकों और निर्दलीय प्रत्याशी मनीष चौहान के समर्थकों के बीच हुई कहासुनी को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
दोनों ही प्रत्याशियों को नोटिस भेजे गए हैं। वहीं, नामांकन करने पहुंचे शामली सीट से रालोद प्रत्याशी को बगैर अनुमति के समर्थकों की भीड़ ले जाने पर नोटिस दिया गया है।
सोमवार रात शामली सीट से निर्दलीय प्रत्याशी मनीष चौहान और भाजपा प्रत्याशी तेजेंद्र निर्वाल शामली के बड़ा बाजार से होते हुए जनसंपर्क कर वोट मांगने निकले थे। करीब साढ़े सात बजे दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों का गांधी चौक पर आमना सामना हुआ, तो नारेबाजी हुई। इसी दौरान शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को वहां से हटाया था।
रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम एमपी सिंह ने बताया कि मनीष चौहान और तेजेंद्र निर्वाल को नोटिस भेज दिए गए हैं, क्योंकि बगैर अनुमति लिए इन दोनों प्रत्याशियों ने सोमवार रात भीड़ के साथ जनसंपर्क किया। वहीं, मंगलवार को कलक्ट्रेट में नामांकन करने पहुंचे रालोद प्रत्याशी बिजेंद्र मलिक समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इन्होंने भी अनुमति नहीं ली थी, जिसके चलते नोटिस जारी किया गया है।