25 आरोपियों के घरों पर गैर जमानती वारंट चस्पा
चौसाना । नाईनंगला नवीन में वर्ष 2015 में आवास कब्जाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए बवाल में फरार करीब 25 आरोपियों के घरों पर पुलिस ने गैर जमानती वारंट को चस्पा किया है। ये आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे। नोटिस चस्पा के वक्त भारी पुलिस बल तैनात रहा।
चौसाना के गांव नाई नगला नवीन में इंदिरा आवास कब्जाने को लेकर सितंबर 2015 में दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया था फायरिंग भी हुई थी। घरों में आगजनी के भी आरोप लगे थे। उस दौरान दोनों पक्षों से दर्ज मुकदमे में करीब 40 लोगों को आरोपी बनाया गया था। कई का पुलिस ने चालान कर दिया था, लेकिन अब आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। कैराना अदालत से फरार करीब 25 आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। अदालत के आदेश पर चौसाना पुलिस ने नाईनंगला नवीन में मुनादी कराई गई और फरार आरोपियों को पकड़वाने में सहयोग की अपील की। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा । इंस्पेक्टर झिंझाना पीके सिंह और चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर फरार आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं और गांव के प्रत्येक गली में मुनादी भी कराई गई है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।