जिला अस्पताल में बंद पड़ा अल्ट्रासाउंड कक्ष। संवाद
शामली। जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो सकी। इसके चलते मरीजों को बिना जांच के लौटना पड़ा।
मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में नियुक्त दो रेडियोलॉजिस्ट डॉ. भुजवीर सिंह और डॉ. विनीत कौशिक को शामली के जिला अस्पताल में सप्ताह में तीन-तीन दिन के लिए संबद्ध किया गया था।
पिछले सप्ताह डॉ. भुजबीर मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के सीएमएस नियुक्त हो गए जबकि डॉ. विनीत कौशिक का संबद्ध का आदेश निरस्त हो गया। इसके चलते जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड जांच बंद हो गई है। सोमवार को अस्पताल में मरीज अल्ट्रासाउंड जांच कराने पहुंचे लेकिन जांच नहीं हो पाई। कांधला से आई शबाना ने बताया कि चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए कहा है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद है। अब उन्हें प्राइवेट में जांच करानी पड़ेगी। शामली निवासी वैभव ने बताया कि उसके पेट में दर्द रहता है। अल्ट्रासाउंड जांच कराने आए थे। बिना जांच के वापस जाना पड़ रहा है।
रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो रही है। इस संबंध में अपर निदेशक स्वास्थ्य सहारनपुर को पत्राचार किया गया है। रेडियोलॉजिस्ट नियुक्त होने पर ही अल्ट्रासाउंड जांच शुरू होगी। - डॉ. मनोज कुमार अखौरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल