शामली। शहर के व्यस्त इलाके अजंता चौक पर सड़क के बीच सवारी उतारने और लापरवाही से बस चलाने के आरोप में ट्रैफिक पुलिस ने रोडवेज बस पकड़ ली। बाद में चालक का चालान कर बस को छोड़ दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक ने इस चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ थाने से अतिरिक्त चार पुलिसकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई है। उधर, शामली में रोडवेज बस स्टैंड में बसों की संख्या के मुकाबले जगह कम है। जिस कारण बसों को सड़क पर खड़ा करना पड़ता है।
कोतवाली क्षेत्र में अजंता चौक पर वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। इसकी वजह ये है कि यहां शहर में आवागमन के अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के साथ मेरठ-करनाल हाईवे का हल्का व भारी दोनों तरह का ट्रैफिक गुजरता है। इसके अलावा यहां पर रोडवेज बस स्टेशन होने के कारण सैकड़ों बसों का आवागमन होने की वजह से भी यहां भीड़भाड़ रहती है।
रविवार सुबह ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर सवारी उतार रही बड़ौत डिपो की रोडवेज बस को पकड़ लिया। टीएसआई भंवर सिंह ने बताया कि रोडवेज बस को नो पार्किंग में खड़ी कर सवारी को उतारने व चढ़ाने के आरोप में पकड़कर कोतवाली ले जाया गया था। बाद में बस को लापरवाही से चलाने के आरोप में चालक का चालान कर बस को छोड़ दिया गया। टीएसआई ने बताया कि चालान को विभागीय कार्यालय में भेजा जाएगा।
एसपी ने अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई
अजंता चौक पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस अधीक्षक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ थाने से अतिरिक्त चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है। टीएसआई ने बताया कि अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी फिलहाल 20 दिसंबर तक रहेगी। अगर यह प्रयोग सफल होता है तो अन्य चौराहों पर भी इसे लागू किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे।