कैराना। अब नौनिहालों को पोलियो दवा के स्थान पर टीके लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पोलियो की दवा के स्थान पर आईपी वैक्सीन नौनिहालों को पिलाई जाएगी। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशाओं, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में सभी विभागों को पत्र भेजा जा चुका है।
केंद्रीय बाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा नौनिहालों के लिए पोलियो की नई दवा तैयार की गई है। आईपी वैक्सीन नाम की इस दवा का प्रयोग टीके के रूप में किया जाएगा। इसके लिए 29 व 31 अक्तूबर को सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उधर, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजेंद्र तोमर ने बताया कि पूर्व में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम के तहत पोलियो की ओपी वैक्सीन बच्चों को पिलाई जाती थी, लेकिन अब नौनिहालों को इंजेक्शन लगाए जाएंगे। इसके लिए आदेश जारी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन इंजेक्शन द्वारा देने से मांस पेशियों में पहुंचकर पोलियो प्रतिरोधक क्षमता को पूरी तरह बढ़ा देगी।