संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिले की समितियों पर खाद नहीं होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को शामली गन्ना समिति कार्यालय पर हंगामा करते हुए धरना दिया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर एआर काॅपरेटिव शुभम मलिक को बुलाकर समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया। एआर काॅपरेटिव ने किसानों को आश्वासन दिया कि दूसरे प्रांतों से उर्वरकों की रैक आ चुकी है। 24 घंटे में उर्वरक समितियों पर पहुंच जएगा।
बुधवार को शामली गन्ना समिति कार्यालय में भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष शांता प्रधान के नेतृत्व में काफी संख्या में किसान पहुंचे। नारेबाजी करते हुए खूब हंगामा किया। भाकियू जिलाध्यक्ष शांता प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान ने कहा कि धान की रोपाई, गन्ना की बुवाई का समय है और किसानों को समितियों पर खाद नहीं मिल पा रही है। किसान बाजारों में नकली और ओवर रेट पर खाद लेने के लिए मजबूर है।
उन्होंने सभी खाद समितियों पर खाद उपलब्ध कराए जाने की मांग की। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद उपलब्ध नहीं हुई तो भाकियू बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगी।
धरना स्थल पर डीसीओ रणजीत सिंह कुशवाहा को बुलाने की मांग की गई। धरना स्थल पर शामली गन्ना समिति के सचिव को बुलाकर ज्ञापन देकर अवगत कराया कि ऊन समिति की ओर से किसानों को ऋण पर खाद नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके कारण परेशानी हो रही है। किसानों को ऋण पर उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की।
धरना स्थल पर राजेश प्रधान, मोहित शर्मा, ब्रह्मपाल, कुलदीप पंवार, देवराज पहलवान, गय्यूर हसन, आशीष चौधरी, पुष्कर सिंह सैनी, मास्टर जाहिद हसन, पप्पू पंवार, सुधीर गोहरनी, दीपक शर्मा, सद्दाम भट्टू, अमरीश मलिक, मुकम्मल पहलवान, अमजद अली, असजद तोमर, संजीव राठी, इमरान राणा, रहीश पठान आदि मौजूद रहे।
- देरी से खुलतीं हैं समितियां
किसानों ने कहा कि कई स्थानों पर देरी से समितियां खुलतीं हैं, जिसके कारण किसानों को परेशानी होती है। मगर अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।