शाम चार बजे से शहर के अंदर बसों की नो एंट्री
शामली। दशहरे पर जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। शहर में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। शाम चार बजे के बाद शहर में बस और अन्य भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। कई मार्गों पर दो पहिया वाहन भी बंद रहेंगे।
दशहरे पर जिले को 20 सेक्टरों में बाटकर डीएम ने पहले ही मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। सभी उपजिलाधिकारी अपने अपने क्षेत्र के प्रभारी होंगे। जिलास्तरीय अधिकारियों को मजिस्ट्रेट बनाया गया है। उधर, पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्य रुप से थानाभवन, कांधला ,कैराना, संवेदनशील हैं यहां पर भारी पुलिस बल रहेगा। रावण दहल स्थलों पर भारी फोर्स लगाई गई है। शामली ,कांधला, थानाभवन, कैराना और बाबरी में पीएसी बल भी लगाया जाएगा। एसपी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस के अलावा पीएसी, क्यूआरटी और दमकल की गाड़ियां रावण दहन स्थल पर लगाई गई हैं।
यातायात निरीक्षक भंवर सिंह ने बताया कि शहर में हनुमान धाम पर रामलीला मैदान में रावण दहन होगा। इसके लिए शाम चार बजे से शहर में विभिन्न रूट की बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। बसों को शहर के बाहर से ही बाईपास से होकर निकाला जाएगा। हनुमान धाम पर जाने वाले मार्ग वर्मा मार्केट से हनुमान धाम, शामली कोतवाली, बुढ़ाना रोड, तीनों रास्तों पर दुपहिया वाहनों की एंट्री भी शाम चार बजे से बंद कर दी जाएगी। वाहन खडे़ करने के लिए शामली कोतवाली के अंदर मैदान में पार्किंग बनाई गई है। बुढ़ाना रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के पास मैदान में वाहन खडे़ कराए जाएंगे। इसके अलावा वर्मा मार्केट वाले मोड़ से आगे भी केवल पैदल ही जा सकते हैं। यहां बैरियर लगाकर पुलिस बल लगाया जाएगा।
ये रहेगा फोर्स
4 कंपनी पीएसी
1- एएसपी
3 सीओ
10 इंस्पेक्टर
40 - सब इंस्पेक्टर
700 -पुलिस कर्मी
46 महिला सिपाही
191 प्रशिक्षु सिपाही