चौसाना। सकौती के नाईनंगला जाटान में 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी विद्युत निगम ने ट्रांसफार्मर को नहीं बदला है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को मामले की सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बिजली नहीं आने की वजह से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौसाना के गांव सकौती के मजरा नाईनंगला जाटान में दो सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। बिजलीघर से विभागीय कर्मियों को बुलाकर ट्रांसफार्मर की जांच कराई गई, तो पता चला कि ट्रांसफार्मर बदला जाएगा।
ग्रामीणों ने ग्रामप्रधान रामकुमार को साथ लेकर विद्युत निगम अधिकारियों को ट्रांसफार्मर के खराब होने की शिकायत कर सही कराने की मांग की, तो उन्होंने जल्द सही कराने को आश्वासन दिया।
अब ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारी ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए ग्रामीणों से ही शामली मंगवाने की बात कर रहे हैं। दो सप्ताह से गांव में बिजली नहीं आ रही है। इसके अलावा बोर्ड की परीक्षा दे रहे बच्चो के अभिभावकों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बच्चे परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने डीएम से शीघ्र ही गांव का ट्रांसफार्मर ठीक कराए जाने की मांग की है।