शामली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी 451 मतदान केंद्रों के 1129 मतदेय स्थलों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन लिए गए। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार यादव ने शामली विधानसभा क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली में बूथ संख्या 35 से 40, देशभक्त इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 43 से 48, उच्च प्राथमिक विद्यालय ताजपुर सिंभालका में बूथ संख्या 175 से 177 तथा प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 लिलौन में बूथ संख्या 190 से 192 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची का अवलोकन कर संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों को पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने और सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि जिनकी आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और प्रविष्टियों में संशोधन के लिए भारत निर्वाचन आयोग के एप और वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। अभियान के दौरान संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 लिलौन में बच्चों को स्टेशनरी वितरित की। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय ताजपुर सिंभालका में बच्चों के साथ बैडमिंटन भी खेला।