शामली। जनपद के ब्लॉक कार्यालयों में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में निर्वाचित ग्राम प्रधान और सदस्यों की शपथ के साथ ही रविवार को जनपद के 215 गांवों में नई सरकार बन गई। दुखद बात रही कि कई प्रधान अपने शासन के पहले ही दिन लेट लतीफ साबित हुए। शामली ब्लॉक कार्यालय में सुबह 11 बजे शपथ होनी थी लेकिन अधिकांश प्रधानाें के लेट आने के कारण करीब पौने 12 बजे शपथ हुई।
शामली ब्लॉक के प्रधान और पंचायत सदस्यों की शपथ के लिए सुबह 11 बजे का समय तय किया गया था। सीडीओ वीके सिंह निर्धारित समय से पहले ही यहां पहुंच चुके थे, लेकिन 11 बजे तक मुश्किल से नाम मात्र ही प्रधान और सदस्य यहां पहुंचे। उन्हें 11 बजकर 40 मिनट पर सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। गांव के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की यह लेटलतीफी भी चर्चाओं का विषय बनी रही जबकि माना जा रहा था कि प्रधानों में शपथ के लिए उत्साह होगा और समय से पहले ही शपथ के लिए पहुंचेेंगे, रविवार को मौसम भी साफ था, लेकिन इस लेटलतीफी से वह अपनी सरकार के पहले ही इम्तिहान में फेल साबित हुए।
जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने जो सपना देखा था उसे पूरा करने का वक्त आ गया है।उन्होंने प्रधान और सदस्यों से कहा कि वह अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए गांव की समस्याओं का समाधान कराएं। सभी के साथ समान व्यवहार करना चाहिए। इस मौके पर तहसीलदार वीरेंद्र मित्तल, समेत कई अधिकारी शामिल रहे। सीडीओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि दो तिहाई सदस्य निर्वाचित न होने वाली 15 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को शपथ नही दिलाई गई । शामली ब्लॉक में कुल 34 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से सिमलाखा ग्राम पंचायत में दो तिहाई सदस्य निर्वाचित न होने की वजह से इस ग्राम पंचायत के प्रधान और सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई है। कोरम पूरा होने के बाद इन्हें शपथ दिलाई जाएगी।
कांधला। ब्लॉक कार्यालय पर 31 ग्राम प्रधान सहित ग्राम पंचायत सदस्यों को बीडीओ ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। दो ग्राम प्रधानों को कोरम पूरा नहीं होने की वजह से शपथ नहीं दिलाई जा सकी। बीडीओ कांधला अरुण कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। एडीओ पंचायत मुकुटराज ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को बधाई दी। बीडीओ ने बताया कि खंड विकास की दो ग्राम पंचायतों भभीसा एवं जसाला के ग्राम प्रधानों को पंचायत सदस्यों की दो तिहाई से कम होने के चलते शपथ नहीं दिलाई गई है। गंगेरू ग्राम प्रधान रीना चौधरी, मलकपुर ग्राम प्रधान इसराना, डूंडूखेड़ा कृष्णा देवी, जिड़ाना ग्राम प्रधान अय्युब हसन, भारसी संदीप खलिफा, पंजोखरा नीटू, हुरमंजपुर ग्राम प्रधान विनोद आदि रहे।
कैराना।
ब्लाक कार्यालय पर मुख्य विकास अधिकारी वीके सिंह ने कैराना ब्लाक के 37 गांवों के नवनिर्वाचित प्रधानों और 480 पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पांच ग्राम प्रधानों को कोरम पूरा न होने के कारण शपथ नहीं दिलाई जा सकी। एसडीएम इंद्रसैन यादव, सीओ एनपी सिंह, एडीओ धर्मसिंह पंचायत, कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह मौजूद रहे। गांव कंडेला, हिंगोखेड़ी, मलकपुर, मंडावर व जंधेड़ी में निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या दो तिहाई से भी कम रहने के कारण इन गांवों के प्रधानों व सदस्यों को शपथ नहीं दिलाई गई।
थानाभवन। ब्लॉक कार्यालय में रविवार को शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चहलपहल थी। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य ठाकुर शेरसिहं राणा की अध्यक्षता और नायब तहसीलदार देवेंद्र पांडेय की उपस्थिति में बीडीओ डॉक्टर पंकज कुमार ने 49 ग्राम प्रधानों और सदस्यों को शपथ दिलाई। वहीं, ग्राम खेड़ागदाई से चौधरी हरवीर सिहं और उमरपुर से रामेश्वरी देवी दोबारा प्रधान बने। नवनिर्वाचित 50 ग्राम प्रधानों में से केवल खानपुर की ग्राम प्रधान बबीता रानी ग्राम पंचायत का कोरम पूरा नहीं होने के कारण शपथ नहीं ले पाई। कार्यक्रम का संचालन एडीओ पंचायत सत्यपाल सिंह ने किया।
झिंझाना/ऊन। ऊन ब्लाक परिसर में रविवार को ब्लाक प्रमुख स्नेह चौधरी और बीडीओ भीष्म सिंह ने 65 प्रधानों को शपथ दिलाई। प्रधान नरेंद्र ढिढ़ाली, राजकुमार सकौती, आजाद म्यान कसबा, मोहनलाल खेड़की, गौरव भाटू, सुधीर ताना के गांवों में कोरम पूरा नहीं हुआ, जिस कारण इन्हें शपथ नहीं दिलाई जा सकी। खेड़की गांव में कोई पंचायत सदस्य निर्वाचित नहीं हुआ। वहीं, ऊन ब्लाॅक से 30 ग्राम पंचायतों में महिला प्रधान चुनी गई। गांव मछरोली में शर्मिष्ठा देवी निर्विरोध प्रधान चुना।